India

Jan 09 2024, 13:28

पहले चार साल के बेटे का किया कत्ल, फिर बैग में शव लेकर किया गोवा से बेंगलुरु के लिए निकली

#bengaluru_ai_start_up_ceo_suchana_seth_killed_son

नॉर्थ गोवा के कलंगुट इलाके से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां, बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी की सीईओ ने गोवा के एक होटल में अपने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बैग में भरकर टैक्सी से बेंगलुरु के लिए निकली। हालांकि, गोवा पुलिस को इसकी खबर लग गई। जिसके बाद कर्नाटक पुलिस ने आरोपी महिला को उसके बेटे के शव के साथ गिरफ्तार कर लिया। अपने ही बेटे के कत्ल का कारण जानकर होश उड़ जाएँगे। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला नहीं चाहती थी कि उसका बेटा अपने पिता से मिल पाए। इसलिए उसने बेटे की हत्या कर दी।

महिला की पहचान 39 साल की सूचना सेठ के रूप में की गई है। सुचाना सेठ बेंगलुरू के एक एआई स्टार्टअप में सीईओ के तौर पर काम करती है। वह स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल AI लैब की फाउंडर है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला सूचना सेठ की शादी 2010 में हुई थी। 2019 में उसका बेटा पैदा हुआ था और 2020 में उसका अपने पति से विवाद शुरू हो गया। मामला कोर्ट में चला गया, जिसके बाद दोनों ने तलाक ले लिया. कोर्ट ने आदेश दिया था कि बच्चे के पिता अपने बच्चे से रविवार को मिल सकते हैं।

हत्या का कारण बन गया कोर्ट का आदेश। कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी महिला प्रेशर आ गई। दरअसल सुचाना नहीं चाहती थी कि बेटा अपने पिता से मिले। इसलिए प्लान के तहत आरोपी महिला शनिवार को बेटे को साथ लेकर गोवा गई और होटल में हत्याकांड को अंजाम दे दिया।

सुचाना सेठ ने पहले अपने 4 साल के बेटे की गोवा में बेरहमी से हत्या की और फिर वह उसके शव को बैग में ठूसकर बेंगलुरू भाग रही थी, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला को कर्नाटक पुलिस ने अरेस्ट किया है। कर्नाटक पुलिस ने उसे चित्रदुर्ग से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वो बेटे के शव को बैग में पैक करके टैक्सी से बेंगलुरू जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, सुचाना सेठ ने किसी धारदार हथियार से अपने बेटे की हत्या की। 6 जनवरी को गोवा के सोल बनयान ग्रांडे होटल में अपने बेटे के साथ आई थी। सोमवार (8 जनवरी) को उसने होटल से चेक-आउट किया था। अपराध को अंजाम देने के बाद उसने होटल मैनेजमेंट से बेंगलुरु वापस जाने के लिए टैक्सी बुक करने के लिए कहा। महिला ने होटल स्टाफ से इस बात पर जोर दिया कि वो सड़क के रास्ते से ही बेंगलुरु जाएगी। 

गोवा पुलिस के मुताबिक, इस घटना की जानकारी होटल स्टाफ ने दी। दरअसल, जब होटल का एक स्टाफ रूम में सफाई करने पहुंचा तो उसने रूम में खून के धब्बे देखे। स्टाफ ने होटल मैनेजमेंट को इसकी सूचना दी। इसके बाद गोवा पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि वो अकेले ही होटल से बाहर निकली थी।सूचाना अपने बेटे के साथ होटल में आती दिखती है। हालांकि, चेक आउट के वक्त वह अकेली थी। इसके बाद गोवा पुलिस हरकत में आई।

India

Jan 09 2024, 12:59

CM न रहो तो होर्डिंग से फोटो ऐसे गायब होती है, जैसे गधे...', फिर झलका एमपी के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का दर्द

 मध्य प्रदेश में जब से नई सरकार बनी है, तब से मुख्यमंत्री न रहते हुए भी शिवराज सिंह चौहान निरंतर ख़बरों में हैं। कभी अपनी योजना लाडली बहना को लेकर दी गई प्रतिक्रिया से तो कभी लाडली बहनों के उनके प्रति स्नेह से। इसी कड़ी में उनका एक और वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने राजनीति में कुर्सी की अहमियत बताई है।

 एक कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जब हम दूसरों के लिए काम करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर लें तो जिंदगी आनंद से भर जाती है। मुझे अभी भी 1 मिनट फुर्सत नहीं है। निरंतर काम में लगा हूं। यह अच्छा हुआ कि थोड़ा राजनीति से हटकर काम करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। राजनीति में भी बहुत अच्छे कार्यकर्ता, समर्पित कार्यकर्ता, सेवा करने वाले लोग, मोदी जी जैसे नेता हैं, जो देश के लिए जीते हैं। लेकिन, राजनीति में कई लोग ऐसे होते हैं जो रंग देखते हैं। सीएम हो तो चरण कमल के समान हैं। कर कमल हो जाते हैं। सीएम न रहो तो होर्डिंग से फोटो भी गायब हो जाती है। फोटो ऐसे गायब होती है जैसे गधे के सिंर से सींग'। शिवराज सिंह का ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वही पिछले दिनों भी उनका एक वीडियो सामने आया था। शिवराज अपने गृह क्षेत्र बुधनी में थे। यहां उन्होंने कहा, कोई बड़ा लक्ष्य होगा। कई बार राजतिलक होते-होते वनवास भी हो जाता है। ऐसा किसी न किसी लक्ष्य की पूर्ति के लिए ही होता है मगर चिंता मत करना। मेरी जिंदगी बहनों, बेटियों तथा जनता जनार्दन के लिए है। इस धरती पर तुम्हारी जिंदगी से दुख दर्द करने आया हूं। आंखों में आंसू नहीं रहने दूंगा। दिन एवं रात काम करूंगा। तथा अब अपना पता है B-8, 74 बंगला। उसका मैंने रख दिया है- मामा का घर'।

India

Jan 09 2024, 12:56

भारत से पंगा लेने के बाद मालदीव के राष्ट्रपति की कुर्सी पर लटकी तलवार ! अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। भारत से लड़ाई मोल लेना उसके लिए महंगा साबित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के दौरान तस्वीरें जारी होने के बाद मालदीव के कुछ मंत्रियों ने प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर दी थी, जिसके बाद मालदीव सरकार पर वहां का विपक्ष आक्रामक अंदाज में हमला करता नजर आ रहा है।

मालदीव सरकार की ओर से लगातार स्पष्टीकरण के बावजूद सरकार के लिए चुनौतियां कम होती नहीं दिख रही हैं। चौतरफा घिरने के बाद अब राष्ट्रपति की कुर्सी पर भी खतरा मंडरा रहा है, उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी है। राष्ट्रपति मुइज्जू को पद से हटाने का पहला आह्वान देश के सांसद और डेमोक्रेट नेता अली अजीम की ओर से आया है। उन्होंने मुइज्जू को राष्ट्रपति पद से हटाने के लिए देश के अन्य नेताओं से मदद मांगी है। 

बता दें कि, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू इस समय चीन की पांच दिवसीय यात्रा पर हैं और देश में उनके खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस बीच भारत ने पीएम मोदी के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है और मालदीव के राजदूत को तलब कर नाराजगी जताई है। हालाँकि, मालदीव सरकार ने वहां के तीनों मंत्रियों को निलंबित कर दिया है, लेकिन अब भी आक्रोश थमा नहीं है। भारत में सोशल मीडिया पर लगातार मालदीव को बॉयकॉट करने की मांग तेज हो रही है।

India

Jan 09 2024, 12:39

मोहम्मद शमी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अर्जुन अवार्ड से किया सम्मानित, वर्ल्ड कप में अपनी गेंदों से बरपाया था कहर

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आज मंगलवार (9 जनवरी 2024) को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वनडे विश्व कप 2023 में सनसनीखेज प्रदर्शन के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शमी के नाम की सिफारिश की थी। शमी ने विश्व कप 2023 को टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में समाप्त किया, केवल 7 मैचों में 24 विकेट लिए।

पुरस्कार समारोह से पहले शमी ने कहा कि, "यह पुरस्कार एक सपना है, जिंदगी बीत जाती है और लोग यह पुरस्कार नहीं जीत पाते। मुझे खुशी है कि मुझे इस पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है।" मोहम्मद शमी को विश्व कप 2023 में पहले चार मैचों के लिए प्लेइंग इलेवन में नामित नहीं किया गया था। 19 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ हार्दिक पांड्या के टखने में भयानक चोट लगने के बाद शमी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। शमी ने टूर्नामेंट में तुरंत प्रभाव डाला था उनकी वापसी पर टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट चटकाए। पेसर ने वहां से रिकॉर्ड रन बनाया। शमी ने टूर्नामेंट में 24 विकेट लिए और वह भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रित बुमराह से आगे रहे।

2023 में अपने सनसनीखेज प्रदर्शन के लिए कुल 26 एथलीटों को अर्जुन पुरस्कार मिला। इस सूची में एशियाई खेल 2023 के एथलीटों का दबदबा था। चीन में, भारत ने 107 पदकों की रिकॉर्ड संख्या जीतकर प्रतियोगिता में खुद को बेहतर प्रदर्शन किया। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि ने जकार्ता 2018 एशियाई खेलों के दौरान हासिल किए गए भारत के पिछले सर्वश्रेष्ठ पदकों की संख्या, जो 70 थी, को तोड़ दिया। उस उपलब्धि का जश्न इसमें शामिल 16 स्वर्ण पदकों के लिए मनाया गया था, लेकिन 2023 हांग्जो खेलों ने मात्रा और गुणवत्ता दोनों में इसे ग्रहण कर लिया है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन, भारत ने आश्चर्यजनक रूप से कुल 12 पदक जीतकर नई ऊंचाइयों को छुआ। इनमें 6 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक और 2 कांस्य पदक थे। इससे प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार भारत की संख्या 100 से अधिक हो गई।

India

Jan 09 2024, 12:37

जानिए, कौन है 'मुस्लिम सूरदास'? जिन्हे मिला अयोध्या में राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा में आने का न्योता

 मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम को मानने वाले केवल हिन्दू धर्म के ही नहीं है, बल्कि अन्य धर्मों के लोग भी उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में आदर्श मानते हैं। इनमें ही एक हैं मध्य प्रदेश के खंडवा जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर बसे ग्राम हापला-दीपला के एक मुस्लिम कवि अकबर ताज मंसूरी हैं। नेत्रहीन अकबर ताज प्रभु श्री राम पर रचनाएं लिखते-गाते हैं। वह देशभर में श्रीराम के चरित्र का गुणगान करते रहते हैं। 'मुस्लिम सूरदास' बोले जाने वाले अकबर ताज को अयोध्या राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा में आमंत्रण दिया गया है।

अकबर ताज बोलते हैं कि प्रभु श्रीराम सबके हैं तथा उनका अवतार मानव जाति की भलाई के लिए हुआ था। प्रभु श्री राम को लेकर उनके इस प्रेम को देखकर जगद्गुरु संत रामभद्राचार्य ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले विशेष आयोजन में प्रस्तुति देने के लिए इस सूरदास कवि अकबर ताज को आमंत्रित किया है। अकबर ताज अयोध्या जाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। खंडवा के अकबर ताज दिल्ली, जयपुर, हैदराबाद, लखनऊ व सूरत समेत देशभर के हिंदी मंचों पर रचनापाठ कर चुके हैं। रामलला पर आधारित उनकी रचनाओं ने उन्हें खूब सम्मान दिलाया। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर वह खुश हैं। वह कहते हैं कि प्रभु श्रीराम का जीवन चरित्र हमें मर्यादा में जीने की सीख देता है। उन्होंने पिता की आज्ञा का पालन करते हुए 14 साल का वनवास सहर्ष स्वीकार कर लिया। ऐसा व्यक्तित्व आज कहां देखने को मिलता है।  

42 वर्षीय ताज ने कहा कि 14 जनवरी को यूपी के अयोध्या पहुंचेंगे तथा प्रभु श्रीराम पर कविता पाठ करेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं पूरे देश में जगह-जगह जाता रहता हूं, मगर अयोध्या में राम जी भद्राचार्य (हिंदू आध्यात्मिक नेता) की तरफ से आमंत्रित किए जाने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैं कई अन्य कार्यक्रम छोड़कर वहां जा रहा हूं।' ताज बचपन से ही प्रभु श्रीराम की स्तुति में कविताएं और भजन लिख और उनका पाठ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह एक बहुत निर्धन परिवार से हैं तथा एक 'कच्चे' घर में रहते हैं।

India

Jan 09 2024, 12:26

इजरायल की लेबनान में बड़ी एयरस्ट्राइक, हमले में हिजबुल्‍लाह का टॉप कमांड ढेर

#hezbollahtop_commander_killed_in_israel_air_strike 

इजराइल का लेबनान में हमला जारी है। सोमवार को हुए एक अटैक में हिजबुल्लाह का एक टॉप कमांडर ढेर हो गया।हमास के एक टॉप कमांडर को मार गिराने के ठीक एक हफ्ते बाद इजरायल ने अब हिज्जबुल्ला के टॉप कमांडर विसाम हसन ताविल को मार गिराया है।

इजरायल की सेना इस समय कई मोर्चों पर दुश्‍मनों का सामना कर रही है। गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ जंग के बीच इजरायल सेना ईरान समर्थित समूह हिजबुल्‍लाह पर भी हमले कर रही है। हिजबुल्‍लाह के एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इजरायल ने सोमवार को दक्षिण लेबनान पर हमले किये, जिसमें एक शीर्ष हिजबुल्लाह कमांडर मारा गया है। गाजा पट्टी में पिछले कई महीनों से इजरायल और हमास के लड़ाकों के बीच जंग हो रही है। इस बीच हमास के समर्थन में कई समूह उतर आए हैं, जिसमें से एक हिजबुल्‍लाह भी है।

हिजबुल्लाह ने एक बयान में इजरायली बलों के साथ सीमा पार संघर्ष के तीन महीने में पहली बार एक "कमांडर" की हत्या की घोषणा की है। हिजबुल्लाह ने कहा कि एक एसयूवी पर हुए हमले में विसाम हसन ताविल की मौत हो गई, जो सीमा पर सक्रिय गुप्त हिजबुल्लाह बल का कमांडर था। वह सशस्त्र समूह में सबसे वरिष्ठ आतंकवादी था जो 7 अक्टूबर को दक्षिणी इज़राइल में हमास के हमले के बाद गाजा में युद्ध और इज़राइल और हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई के बाद मारा गया है।

विसाम हसन ताविल लंबे समय तक बाहर रहने के बाद रविवार शाम खिरबेट सलीम शहर के बाहरी इलाके स्थित अपने घर पहुंचा। उसका घर फिलिस्तीन की सीमा से लगभग 19 से 20 किलोमीटर दूर है। हमला तब किया गया जब ताविल दोपहर के आसपास घर से निकलकर सड़क पर खड़ी अपनी कार की ओर जा रहा था। हालांकि, जब इजरायली सेना से इस बारे में पूछा गया, तो उन्‍होंने बताया कि सोमवार को लेबनान में हिजबुल्लाह के "सैन्य ठिकानों" पर हमला किया गया था, लेकिन ताविल की मौत पर तुरंत कोई टिप्पणी नहीं की।

दक्षिणी इजराइल में 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद गाजा में चौतरफा युद्ध हो रहा है। इजराइल का कहना है कि उसने उत्तरी गाजा में बड़े पैमाने पर बड़े अभियानों को पूरा कर लिया है और अब मध्य क्षेत्र और खान यूनिस के दक्षिणी शहर पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इजरायली अधिकारियों ने कहा है कि लड़ाई कई महीनों तक जारी रहेगी क्योंकि सेना हमास को खत्म करना चाहती है और आतंकवादी समूह के 7 अक्टूबर के हमले के दौरान बंधक बनाए गए कई लोगों को वापस लाना चाहती है।

India

Jan 09 2024, 12:00

आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले दी धमकी वीडियो जारी कर समुदाय विशेष को भड़काने की कोशिश

#terrorist_gurpatwant_singh_pannun_urged_muslims_to_oppose_ram_mandir_inauguration 

अयोध्या में इसी महीने 22 जनवरी को राम मंदिर उद्घाटन समारोह होना है। इस बीच पूरे देश रामभक्ति में डूबा हुआ है। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) का सरगना व आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। पन्नू ने श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा ले पहले भारत के खिलाफ फिर से जहर उगला है। पन्नू ने मुसलमानों से इस समारोह का विरोध करने को कहा है। एक वीडियो में पन्नू ने कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अमृतसर से अयोध्या तक हवाई अड्डों को बंद कर दिया जाएगा। उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। 

गुरपतवंत सिंह पन्नू ने श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर एक वीडियो जारी कर भारतीय मुस्लिम समुदाय को भड़काने की साजिश रची है।उसने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुस्लिम समुदाय के कट्टर दुश्मन हैं। पन्नू ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बाबरी मस्जिद को तोड़ कर बनाया गया है। इसे बाबरी मस्जिद को तोड़ा जाना नहीं बल्कि भारत में रहने वाले करोड़ों मुसलमानों का धर्म परिवर्तन माना जा रहा है। 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम मुस्लिम समुदाय के लिए अऑप्रेशन ब्लू स्टार जैसा है।

पन्नू ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को भारत में उर्दीस्तान की मांग रखने को कहा। इसके साथ ही उसने पंजाब के अमृतसर से अयोध्या तक सभी एयरपोर्ट बंद करवाने की धमकी दी। इससे पहले भी पन्नू ने संसद पर हमले की धमकी दी थी। वह एयर इंडिया की उड़ानें बंद करवाने की धमकी भी दे चुका है। 

पन्नू भारत को अपना दुश्मन मानता है। पन्नू के खिलाफ भारत में कई मामले दर्ज हैं। साल 2020 में पन्नू के खिलाफ यूएपीए की धाराओं के तहत आतंकवादी घोषित कर दिया था। आतंकी पन्नू का नाम बीते साल ही दूसरी बार गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के साथ जोड़ा गया था। गृह मंत्रालय ने 2019 में एसएफजे पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके एक साल बाद 2020 में पन्नू को यूएपीए के तहत आतंकी घोषित किया गया था।

India

Jan 09 2024, 10:49

दिल्ली समेत 20 राज्यों में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक, कड़ाके की ठंड के बीच इन राज्यों में बारिश बढ़ सकती है मुसीबत

#today_effect_of_fog_in_20_states_including_delhi 

उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। कोहरे और शीतलहर के डबल अटैक से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई इलाकों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक जमाने वाली सर्दी का प्रकोप दिख रहा है। देश के आधे से अधिक हिस्से को भीषण ठंड और घने कोहरे से राहत नहीं मिली है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख से लेकर सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मेघालय और मणिपुर समेत 20 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।

आज दिल्ली में हो सकती है बारिश

सर्दी का सितम ऐसा है कि सोमवार दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा और तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही अब मौसम विभाग ने आज (9 जनवरी) राजधानी में हल्की बारिश की चेतावनी दी है, जिससे तापमान और गिर सकता है।इसका असर ट्रेनों और विमान सेवाओं समेत यातायात के तमाम साधनों पर पड़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मंगलवार को बारिश हो सकती है। सुबह के वक्त हल्का कोहरा भी रहेगा। 

बारिश के बाद तापमान बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मौसम साफ हो सकता है। अनुमान है कि दिल्ली के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़त हो सकती है। दिल्ली में 14 जनवरी तक सुबह के समय हल्की से मध्य स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, अधिकतम तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 11 जनवरी तक बढ़कर आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। संभावना है कि 14 जनवरी तक इसमें दो डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू कश्मीर समेत तमाम जगहों पर भीषण ठंड

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में ऊना, सुंदरनगर व सोलन में भीषण ठंड पड़ रही है। जम्मू कश्मीर के गुलमर्ग में तो पारा माइनस में चला गया है।पंजाब में कई जगहों पर सोमवार को धूप निकली लेकिन सर्द हवाओं ने पीछा नहीं छोड़ा। लुधियान और अमृतसर में खूब ठंड पड़ रही है। वहीं हरियाणा के अंबाला में तो 4.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

India

Jan 09 2024, 10:19

बायकॉट से डरी मालदीव टूरिज्म इंडस्ट्री, पर्यटन को झटका लगते ही हरकत में आई, अपने मंत्रियों की लगा दी क्लास

#maldives_tourism_industry_targets_its_own_ministers 

भारत-मालदीव के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद मोदी की लक्षद्वीप यात्रा को लेकर मालदीव के मंत्रियों की विवादित टिप्पणियों के बाद से दोनों देशों में राजनयिक विवाद चल रहा है। विवाद को बढ़ते देख मालदीव ने अपने मंत्रियों को सस्पेंड कर दिया है।इस बीच देश के टूरिज्म को झटका लगता देख मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूरिज्म इंडस्ट्री (MATI) ने बयान जारी कर मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।

MATI ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ भारत के लोगों के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियों की हम कड़ी निंदा करते हैं। भारत हमारे निकटतम पड़ोसियों और सहयोगियों में से एक है। MATI ने सोमवार को एक बयान में कहा, भारत हमेशा हमारे संकट भरे पल में पहला मददकर्ता रहा है। हम सरकार के साथ-साथ भारत के लोगों की तरफ से हमारे साथ बनाए गए घनिष्ठ संबंधों के लिए बेहद आभारी हैं।

इसमें आगे कहा गया, मालदीव के पर्यटन उद्योग में भी भारत सतत और अहम योगदान देने वाला देश रहा है। एक सहयोगी जिसने कोरोनावायरस महामारी में हमारे बॉर्डर खुलने के बाद हमारे वापस पटरी पर लौटने की कोशिशों में भी साथ दिया। तबसे अब तक मालदीव के लिए भारत एक अहम बाजार रहा है। यह हमारी कामना है कि दोनों देशों के रिश्ते आने वाली कई पीढ़ियों तक कायम रहें। हम दोनों के बेहतरीन रिश्तों पर नकारात्मक असर डालने वाले बयानों और गतिविधियों से खुद को दूर करते हैं।

माना जा रहा है कि इस पूरे विवाद ने मालदीव के पर्यटन उद्योग खासा नाकारात्मक असर डाला है। क्योंकि भारत के पर्यटक मालदीव टूरिज्म इंडस्ट्री की रीढ़ हैं। अगर मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटकों में कमी आई तो यह मालदीव अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा झटका होगा।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार आधिकारिक आंकड़ों की मानें तो पिछले तीन सालों में सालाना 2 लाख से अधिक भारतीय मालदीव गए हैं। यह किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक है। फिलहाल विवाद के बाद मालदिव के टूरिज्म पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है। मालदीव पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में 17 लाख से अधिक पर्यटकों ने द्वीप राष्ट्र का दौरा किया, जिनमें से 2,09,198 से अधिक पर्यटक भारतीय थे, इसके बाद रूसी (2,09,146) और चीनी (1,87,118) थे।

India

Jan 08 2024, 20:03

मालदीव विवाद में भारत के समर्थन में उतरा इजरायल, लक्षद्वीप को लेकर किया ये बड़ा ऐलान

#israel_supports_india_amid_row_with_maldives

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोशल मीडिया पर लक्षद्वीप की तस्वीरें देख मालदीव की मुइज़्ज़ू सरकार की मंत्रियों ने भारत पर अपमानजनक टिप्णियाँ कीं।मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों के बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है।यह मुद्दा लक्षद्वीप बनाम मालदीव बन गया हैं। कई जानी-मानी हस्तियां भी लक्षद्वीप को लेकर पोस्ट साझा करने लगे हैं। भारत के साथ समर्थन दिखाने वालों की लिस्ट में इजरायल भी जुड़ गया है। उन्होंने लक्षद्वीप में टूरिज्म को बढ़ावा देने की पहल को सपोर्ट किया है।इजराइल ने लक्षद्वीप की कुछ तस्वीरें और वीडियोज शेयर कर वहां प्रर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही है।

भारत में मौजूद इजराइली दूतावास ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर तस्वीरें और वीडियोज पोस्ट करते हुए लिखा, ‘फेडरल सरकार के समुद्र के पानी को पीने योग्य बनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के लिए हम बीते साल लक्षद्वीप में थे। इज़राइल कल से इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए तैयार है। उन्होंने आगे लिखा, ‘उन लोगों के लिए जो अभी तक #लक्षद्वीप की पुरानी और राजसी पानी के नीचे की सुंदरता को नहीं देख पाए हैं, यहां इस द्वीप के मनमोहक आकर्षण को दिखाने वाली कुछ तस्वीरें हैं।#ExploreIndianIslands

दरअसल, 2 और 3 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने लक्षद्वीप दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने स्क्रॉलिंग करते हुए और समुद्री तटों पर आनंद लेते समय की कई तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर की थीं। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें वायरल हो गईं और कई लोगों ने अपना मालदीव प्लान कैंसिल कर दिए। इससे तिलमिलाकर मालदीव के कई मंत्रियों ने लक्षद्वीप और पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मंत्री अब्दुल्ला महजूम माजिद ने भारत पर मालदीव को निशाना बनाने का आरोप लगाया। महजूम ने अपने बयान में कहा कि भारत को सी कोस्ट टूरेरिज्म में मालदीव को टक्कर देने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद इंटरनेट पर इंडियन यूजर्स भड़क गए और एक्स पर ट्रेंड होने लगा।

इनकी अपमानजनक टिप्पणियों के कारण भारत में मालदीव के प्रति उबाल आ गया और लोगों ने मालदीव के इस रवैये की आलोचना की। एक्स (पहले ट्विटर) पर भी इसको लेकर लगातार अभियान चलाया गया। भारत ने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति की गई टिप्पणियों को राजनयिक स्तर पर भी मालदीव के साथ उठाया। प्रधानमंत्री मोदी के ऊपर अपमानजनक टिप्पणियाँ करने के कारण कई बॉलीवुड सितारों और हस्तियों ने मालदीव केरवैये की निंदा की थी। साथ ही लक्षद्वीप को बढ़ावा देने वाले ट्वीट किए थे। इन ट्विट्स में उन्होंने कहा था कि वह लोग भी लक्षद्वीप जाएँगे। वहीं ऑनलाइन ट्रैवल कम्पनी EaseMyTrip ने भी कहा था कि वह मालदीव की फ्लाइट टिकट बुक करना बंद कर देंगे।